दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रायपुर की वेगन रिपेयर शॉप में वितरित किए स्मार्ट विज़न ग्लास
रायपुर, 30 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रायपुर स्थित वेगन रिपेयर शॉप (डब्ल्यूआरएस) में कार्यरत आठ दृष्टिबाधित कर्मचारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्मार्ट विज़न ग्लास उपलब्ध कराए हैं। रेलवे का कहना है कि इन उपकरणों से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और प्रभावी ढंग से काम करने में मदद मिलेगी।
29 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहु ने कर्मचारियों को स्मार्ट विज़न ग्लास सौंपे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए और रेलवे दिव्यांग कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
रेलवे के अनुसार, ये स्मार्ट चश्मे किसी डिजिटल सहायक की तरह काम करते हैं। इनमें एआई तकनीक के जरिए सामने मौजूद व्यक्ति, मशीन, दरवाजे, सीढ़ियां और अन्य वस्तुओं की पहचान करने की सुविधा है। यह किसी दस्तावेज, सूचना-पट्ट या लेबल पर लिखे पाठ को पढ़कर सुनाने, परिचित लोगों की पहचान बताने, भारतीय मुद्रा और रंग पहचानने तथा रास्ते में आने वाली बाधाओं की चेतावनी देने में भी सक्षम हैं। इनका संचालन केवल आवाज के जरिए किया जा सकता है और इनमें हिंदी सहित कई भाषाओं का समर्थन है।
रेलवे का मानना है कि औद्योगिक कार्यस्थल पर ये उपकरण दृष्टिबाधित कर्मचारियों को सुरक्षा संकेत समझने, दस्तावेज पढ़ने और स्वतंत्र रूप से कार्य करने में मदद करेंगे। इससे उनकी कार्यकुशलता के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
मुख्य कर्मशाला प्रबंधक निर्मल कुमार भंडारी ने कहा कि यह पहल दिव्यांग कर्मचारियों को अधिक सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधाजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे ने इसे समावेशी कार्य संस्कृति और दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में एक अभिनव पहल बताया है।
