दुर्ग, 30 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्ग ने टिकट दलाली के खिलाफ अभियान के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो आरक्षित रेलवे टिकट, आरक्षण फॉर्म तथा मोबाइल फोन से टिकट बुकिंग से संबंधित व्हाट्सएप चैट और टिकटों की प्रतियां मिली हैं।
आरपीएफ के अनुसार, महा निरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रायपुर के निर्देश पर टिकट दलालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी संजीव कुमार सिन्हा के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक डी.के. सिंह और उनकी टीम ने 29 जुलाई को दुर्ग रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर निगरानी के दौरान कार्रवाई की।
पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह जरूरतमंद यात्रियों के लिए विभिन्न रेलवे आरक्षण काउंटरों से सामान्य एवं तत्काल टिकट बनवाकर अतिरिक्त कमीशन वसूलता था।
आरपीएफ ने आरोपी शकील खान (55 वर्ष), निवासी शंकर नगर, मोहन नगर थाना क्षेत्र, दुर्ग के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त किए गए दो लाइव आरक्षित टिकटों का कुल मूल्य 2,990 रुपये बताया गया है। टिकटों को निरस्त (ब्लॉक) कराने के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रायपुर को पत्र भेजा गया है।
आरपीएफ ने कहा है कि रेलवे टिकटों की अवैध दलाली के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
