भानुप्रतापपुर अवैध शराब कांड : आबकारी अधिकारी नपे, कर्मचारियों पर भी कार्रवाई

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

4,409 खाली बोतल-पौवे, 3,380 ढक्कन और स्टीकर-होलोग्राम बरामद; कोरर में चार दिन पहले 132 लीटर से ज्यादा शराब पकड़ी गई थी

भानुप्रतापपुर, 10 सितम्बर। वाय के न्यूज़। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में शराब से जुड़े लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच पुलिस की एक कार्रवाई में बड़ी मात्रा में खाली बोतल-पौवे, ढक्कन और स्टीकर-होलोग्राम बरामद हुए हैं। मामले में जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित करने तथा संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

किराए के मकान से मिली सामग्री

भानुप्रतापपुर के बसंत नगर स्थित एक किराए के मकान की तलाशी में पुलिस ने 4,409 खाली बोतल-पौवे, 3,380 ढक्कन और स्टीकर-होलोग्राम की 105 शीट बरामद कीं। इनमें मैकडॉवल नंबर-1, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, सिग्नेचर और आईबी जैसे ब्रांड की पैकेजिंग सामग्री शामिल है।

मौके से जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 30 भरे पौवे भी मिले, जिनकी कुल मात्रा करीब 5.4 लीटर बताई गई है। पुलिस ने सामग्री को लावारिस हालत में मिलने पर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किया है।

स्रोत और इस्तेमाल की जांच

पुलिस के मुताबिक शराब परिवहन से जुड़े लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मकान की तलाशी ली गई थी। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री वहां कैसे पहुंची और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

मिलावटी या अवैध शराब तैयार करने में इसके संभावित इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। अभी जांच पूरी नहीं हुई है।

आबकारी अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई

मामले में जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित प्लेसमेंट कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ सेल्समैन और आबकारी निरीक्षक पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कोरर में 132 लीटर से ज्यादा शराब जब्त

इस कार्रवाई से कुछ दिन पहले कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। चिल्हाटी चौक पर 5-6 सितंबर की दरमियानी रात एक कार की तलाशी में 132.360 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी। पुलिस ने कार, नकदी और मोबाइल समेत करीब 5.18 लाख रुपये का सामान जब्त किया था।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में संयुक्त कार्रवाई के दिए निर्देश

इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ आबकारी विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी, शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर निगरानी बढ़ाने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों और परिवहन मार्गों पर निगरानी बढ़ाने तथा दूसरे राज्यों से अवैध शराब की आवाजाही रोकने के निर्देश भी दिए हैं। सरकारी निर्देशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा गया है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर