‘स्मार्ट मीटर में नहीं मिली गड़बड़ी, चेक मीटर की रीडिंग दर्ज करने में हुई थी चूक‘
अंबिकापुर, 9 सितंबर, वाय के न्यूज़। बैकुंठपुर में स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में अंतर को लेकर सामने आई शिकायत के बाद बिजली कंपनी ने मामले की जांच कराई। जांच में स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली में कोई गड़बड़ी नहीं मिली, जबकि चेक मीटर की रीडिंग गलत दर्ज किए जाने का मामला सामने आया। इस चूक के लिए बैकुंठपुर के कनिष्ठ अभियंता को नोटिस जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के क्षेत्रीय मुख्य अभियंता यशवंत सिलेदार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता, बैकुंठपुर से जांच कराई गई। जांच में दोनों मीटरों की वास्तविक रीडिंग, दर्ज खपत और रीडिंग के समय की गई वीडियो रिकॉर्डिंग का परीक्षण किया गया।
10 दिन में दोनों मीटरों की खपत लगभग बराबर
जांच रिपोर्ट के मुताबिक बैकुंठपुर की उपभोक्ता भावना गुप्ता के अनुरोध पर 27 जुलाई को उनके घर चेक मीटर लगाया गया था। उस समय स्मार्ट मीटर में 5374 यूनिट और चेक मीटर में 2474 यूनिट की रीडिंग थी।
7 अगस्त को दोबारा रीडिंग लेने पर स्मार्ट मीटर की रीडिंग बढ़कर 5676 यूनिट और चेक मीटर की रीडिंग 2777 यूनिट हो गई। इस तरह 10 दिन में स्मार्ट मीटर पर 302 यूनिट और चेक मीटर पर 303 यूनिट की खपत दर्ज हुई। कंपनी के मुताबिक दोनों मीटरों की खपत में एक यूनिट का अंतर निर्धारित सीमा के भीतर है।
7 अगस्त की जगह 31 जुलाई की रीडिंग दर्ज
जांच में रीडिंग दर्ज करने की प्रक्रिया में हुई गलती सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार 7 अगस्त को रीडिंग लेने के बजाय कनिष्ठ अभियंता ने चेक मीटर में 31 जुलाई की रीडिंग दर्ज कर दी थी। इस वजह से रीडिंग का सही आकलन नहीं हो सका।
बिजली कंपनी के मुताबिक चेक मीटर में खपत दर्ज करने से पहले पुश बटन के माध्यम से अलग-अलग रीडिंग देखी जाती हैं। इनमें अधिकतम मांग, बिलिंग चक्र के दौरान दर्ज खपत और रीडिंग लेने की तारीख से संबंधित आंकड़े शामिल होते हैं।
वीडियो रिकॉर्डिंग से भी स्थिति हुई स्पष्ट
रीडिंग लेते समय वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई थी। जांच में इस रिकॉर्डिंग के साथ भौतिक मीटर रीडिंग और दोनों मीटरों से दर्ज खपत का मिलान किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन सभी तथ्यों के परीक्षण के बाद स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली में किसी तरह की विसंगति स्थापित नहीं होती।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि दोनों मीटरों की दर्ज खपत में पाया गया एक यूनिट का अंतर सामान्य सीमा में है। रीडिंग लेने में हुई त्रुटि के लिए संबंधित कनिष्ठ अभियंता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
(सांकेतिक फाइल फोटो )
