69% बोनी पूरी, 9.22 लाख टन खाद बंटी; उर्वरक आपूर्ति पर नजर रखने के लिए बनेगी मंत्री समिति

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 22 जुलाई 2026 (वाय के न्यूज डेस्क )। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। 22 जुलाई तक राज्य में 33.50 लाख हेक्टेयर, यानी निर्धारित लक्ष्य का 69 प्रतिशत रकबे में बोनी पूरी हो चुकी है। किसानों को अब तक 9.22 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है। इसी बीच राज्य मंत्रिपरिषद ने उर्वरकों की समयबद्ध उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण की निगरानी के लिए मंत्री-मंडलीय उप समिति के गठन को मंजूरी दी।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित इस समिति में कृषि विकास एवं किसान कल्याण, सहकारिता और वित्त विभाग के मंत्री सदस्य होंगे। कृषि उत्पादन आयुक्त समिति के संयोजक होंगे। समिति जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों, विषय विशेषज्ञों और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर उर्वरक आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करेगी तथा राज्य सरकार को अनुशंसाएं देगी।
कृषि विभाग के अनुसार इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर में बोनी का लक्ष्य रखा गया है। अब तक धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की 33.50 लाख हेक्टेयर में बुआई हो चुकी है।
प्रदेश में खरीफ 2026 के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले 14.57 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है और 9.22 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया गया है। वहीं 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण के लक्ष्य के विरुद्ध 4.70 लाख क्विंटल का भंडारण कर 4.12 लाख क्विंटल बीज किसानों तक पहुंचाया जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को किसानों को मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद-बीज उपलब्ध कराने, वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर