राज्य सरकार ने बेहतर इलाज के लिए की पहल
रायपुर, 22 जुलाई 2026 (वाय के न्यूज डेस्क) । छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ लोक कलाकार और बांसुरी वादक विक्रम यादव इन दिनों अस्वस्थ हैं। उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। अपनी बांसुरी की धुनों से उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक संगीत परंपरा को देश और विदेश के अनेक मंचों तक पहुंचाया है।
विक्रम यादव लंबे समय तक पद्म भूषण हबीब तनवीर के प्रसिद्ध रंगमंच समूह ‘नया थिएटर’ से जुड़े रहे। यहां उन्होंने कई चर्चित नाट्य प्रस्तुतियों में अपने बांसुरी वादन से छत्तीसगढ़ की लोकधुनों को नई पहचान दिलाई। बाद में वे पद्मश्री अनूप रंजन पांडेय द्वारा स्थापित ‘बस्तर बैंड’ से जुड़े और पारंपरिक लोक वाद्यों तथा लोक संगीत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी विशिष्ट बांसुरी वादन शैली ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने विक्रम यादव के परिजनों, राजनांदगांव कलेक्टर और मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों से चर्चा कर उपचार पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य सरकार विक्रम यादव के उपचार के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी और उनके इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
