25 साल में पहली बार एक साथ 21 टाउन प्लानर नियुक्त

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में बढ़ेगा मानव संसाधन; मुख्यमंत्री साय ने कहा- तेजी से बढ़ते शहरों के लिए वैज्ञानिक और दीर्घकालीन प्लानिंग जरूरी

रायपुर, 9 सितंबर, वाय के न्यूज।

छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद 25 वर्षों में विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि इस बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि शहरों का विस्तार जिस गति से हो रहा है, उसे देखते हुए आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों, सड़क, परिवहन, जल निकासी तथा सार्वजनिक सुविधाओं की दीर्घकालीन योजना जरूरी है।

साय ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शा बनाने या जमीन का भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है। इसके फैसलों का सीधा असर नागरिकों की सुविधाओं और शहरों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करने तथा जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों से शहरों की ओर आबादी बढ़ने और प्रमुख सड़कों के आसपास नई बसाहट विकसित होने से आने वाले वर्षों में शहरीकरण की रफ्तार और बढ़ सकती है। ऐसे में अनियोजित विस्तार से बचने के लिए वैज्ञानिक प्लानिंग की जरूरत होगी।

नियुक्ति में पारदर्शिता, काम में भी वही अपेक्षा

वित्त एवं आवास-पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 21 अधिकारियों की एक साथ नियुक्ति से विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ है, उनसे भी कामकाज में इसी तरह की पारदर्शिता की अपेक्षा है।

चौधरी ने कहा कि नक्शा स्वीकृति समेत विभागीय कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें व्यवस्था में सरलता तथा पारदर्शिता महसूस हो, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों की तकनीकी समझ और आधुनिक दृष्टिकोण से नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के काम को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर