101 लोगों ने लिया देह और नेत्रदान का संकल्प

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रोटरी क्लब और रायपुर ब्राइट फाउंडेशन ने चलाया जागरूकता अभियान

रायपुर, 29 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में पहल करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर और रायपुर ब्राइट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में देह एवं नेत्रदान संकल्प अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज के सभागार में किया गया, जिसमें 101 लोगों ने देह और नेत्रदान का संकल्प लेते हुए अपने संकल्प पत्र भरे।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पीडीजी सुभाष साहू, पूर्व अध्यक्ष उत्तम कुमार गर्ग, अनीस नानौरिया और शिव रतन शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। राकेश शर्मा तथा विनोद श्रीवास्तव दंपती ने भी देह एवं नेत्रदान के लिए संकल्प पत्र जमा कर अभियान में सहभागिता की।

मुख्य अतिथि श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज के डीन (एकेडमिक) डॉ. माणिक चटर्जी ने देहदान के महत्व पर प्रकाश डाला। शरीर रचना विभाग में अपने 50 वर्षों के अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने देहदान से जुड़े सवालों और भ्रांतियों का समाधान किया।

विशिष्ट अतिथि रोटेरियन शिल्पा चौधरी, डिस्ट्रिक्ट चेयर (ब्लड एवं ऑर्गन डोनेशन, आरआईडी 3261) ने चिकित्सा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए देहदान, नेत्रदान और अंगदान जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में रायपुर ब्राइट फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं असिस्टेंट गवर्नर प्रदीप गोविंद शितूत की उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथि चंद्रकांत शितूत ने अपने पुत्र के अंगदान से जुड़ा भावुक प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि विदेश में पुत्र को ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद परिवार ने अंगदान की अनुमति दी थी। इसके बाद उनका परिवार लगातार अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता अभियान चला रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रीता लाल ने की और मंच संचालन प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को प्रेरणादायी वातावरण में संचालित किया। रोटरी क्लब के सचिव अरविंद जोशी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में रोटरी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सा विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य समाज में देह, नेत्र और अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंदों के लिए जीवनदान की भावना को मजबूत करना था।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर