आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, बिहार के अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, दो फरार
बिलासपुर, 28 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में यात्री के करीब 2.74 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ‘पेपर गैंग’ का भंडाफोड़ करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर के रहने वाले हैं, जबकि गिरोह के दो मुख्य सदस्य अभी फरार हैं।
जीआरपी के अनुसार, 12 जुलाई को रायगढ़ निवासी यज्ञ नारायण सोनी अपने परिवार के साथ गाड़ी संख्या 58214 टिटलागढ़ पैसेंजर से बिलासपुर से रायगढ़ जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनके प्लास्टिक बॉक्स में रखे करीब 2.74 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी हो गए। शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आरपीएफ की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) और जीआरपी ने बिलासपुर, जयरामनगर, अकलतरा, नैला और चांपा रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज, ट्रैफिक कैमरों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह बिहार के बरियारपुर का कुख्यात ‘पेपर गैंग’ है, जो दोबारा बिलासपुर क्षेत्र में सक्रिय होने की तैयारी में था।
सूचना के आधार पर 26 जुलाई को संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छत्तीस कुमार (42), सागर (23), पिंटू राज (38), उदय कुमार (35), शिंटू कुमार (29) और हिमांशु कुमार (20) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी बरियारपुर (मुंगेर) के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का कथित सरगना रणजीत कुमार मंडल और दीपक कुमार मंडल अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। पूछताछ में आरोपियों के रेलवे में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने के संकेत मिले हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और जीआरपी के साथ समन्वित कार्रवाई कर ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

