नीट में सफल एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

कहा- खूब पढ़िए, आगे बढ़िए और समाज की सेवा कीजिए

रायपुर, 28 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित ‘एकलव्य संवाद’ कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे छत्तीसगढ़ और जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से एकलव्य की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर निरंतर परिश्रम करने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का पेशा सेवा का माध्यम है और अच्छा आचरण, संवेदनशीलता तथा सेवा भाव ही एक चिकित्सक की सबसे बड़ी पहचान है।

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के अवसर लगातार बढ़े हैं। राज्य में अब 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। मेडिकल शिक्षा हिंदी माध्यम में भी उपलब्ध कराई गई है ताकि भाषा किसी भी प्रतिभा की राह में बाधा न बने।

मुख्यमंत्री ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल, नालंदा परिसर, छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा सहायता जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 200 सीट कर दी गई है और वहां से इस वर्ष 13 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

बस्तर में शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब तेजी से विद्यालय, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास हो रहा है। बंद पड़े स्कूल दोबारा खोले जा रहे हैं तथा जगरगुंडा और ओरछा में आधुनिक एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन, नियमित अध्ययन और समाज सेवा का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर