रायपुर पुलिस ने फेसबुक पोस्ट कर किया अभिनंदन
रायपुर, 28 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव निवासी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को वीडियो कॉल के माध्यम से आत्मीय बातचीत कर उन्हें ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। इससे पहले रायपुर में आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी वीडियो कॉल कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने फेसबुक पोस्ट जारी कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव से कहा कि यह सफलता वर्षों की कठिन साधना, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा, “आपने देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। मुझे विश्वास है कि आप भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों का विश्वास और सरकार का सहयोग उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
इससे पहले रायपुर में आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के शुभारंभ अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के जरिए ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई दी। इस दौरान कॉन्क्लेव में मौजूद खेल अधिकारी, कोच, खेल विशेषज्ञ, खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ियों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया।

उधर, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर ज्ञानेश्वरी यादव को कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा की रजत पदक विजेता बताते हुए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनके रजत पदक को प्रदेश की बड़ी खेल उपलब्धि माना जा रहा है और उनकी सफलता पर विभिन्न सरकारी विभागों, खेल संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं की ओर से लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
