खिलाड़ियों के भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन
रायपुर, 28 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ मंगलवार को उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया। राजधानी रायपुर स्थित होटल कोर्टयार्ड-बाय-मेरियट में आयोजित इस दिनभर के कॉन्क्लेव में खेल प्रशासक, खेल विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, नामचीन खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक अधोसंरचना और उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक रणनीति तैयार करना है। कार्यक्रम में प्रतिभा पहचान से लेकर ओलंपिक स्तर तक खिलाड़ियों को तैयार करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कॉन्क्लेव के दौरान खेल प्रोत्साहन एवं प्रतिभा पहचान, विजन-2036 : भारत के अगले ओलंपिक चैंपियनों की तैयारी, खेलों के विकास के संभावित मार्ग, खेल महासंघों एवं खेल संघों की भूमिका, चोट से उत्कृष्टता तक : खेल विज्ञान की भूमिका, खेल अधोसंरचना, अकादमियों एवं ओलंपिक विजन में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप, खेलो इंडिया मिशन : एक खेल राष्ट्र का निर्माण तथा छत्तीसगढ़ की पदक रणनीति एवं राज्य खेल नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।
आयोजकों के अनुसार, कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों के आधार पर राज्य में खेलों के विकास की दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर सृजित करने की दिशा में पहल की जाएगी।
