सोनपुर में बनेगी शौर्य वाटिका, 37 शहीद परिवारों का सम्मान

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

दुर्ग, 20 अगस्त। वाय के न्यूज। पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शहीदों की स्मृति को संजोने के लिए शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम में 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया। करीब एक एकड़ में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों ने स्मृति वृक्ष लगाए। उपमुख्यमंत्री ने भी पीपल का पौधा रोपकर वाटिका में पौधरोपण की शुरुआत की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने करीब ₹78.96 लाख की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा, वृक्षारोपण और शेड निर्माण के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत ₹37.95 लाख की लागत से सीसी रोड, आहता और शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमत चुकाई है। उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर में शांति की स्थिति बनने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं।

उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कठिन था, वहां अब विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद जवानों के बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने सोनपुर में शौर्य वाटिका को शहीदों की स्मृति से जोड़ते हुए कहा कि शहीद परिवारों और शहीदों के नाम पर पौधरोपण से आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और शौर्य की जानकारी मिलेगी। उन्होंने गांव के विकास के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, साजा विधायक ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सुरेंद्र कौशिक, सरपंच संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर