रायपुर, 20 अगस्त। वाय के न्यूज। उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने से हुए हादसे में मृत 10 मजदूरों में चार कोंडागांव जिले के हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृत श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और हादसे में घायल कोंडागांव के दो श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों में कोंडागांव जिले के धनसुली गांव के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक शामिल हैं। हादसे में जिले के दो अन्य श्रमिक घायल हुए हैं। मृत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही घायल श्रमिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
