सुकमा, 29 अगस्त। जिले के पोलमपल्ली स्थित बालिका पोटाकेबिन में पिछले दो दिनों में 47 छात्राओं के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। छात्राओं ने बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद कुछ छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें वापस पोटाकेबिन भेज दिया गया। वहीं 23 छात्राओं का दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया है। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर रखे हुए है। छात्राओं के बीमार पड़ने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। कुछ रिपोर्टों में भोजन या पानी से जुड़ी समस्या की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
