वन महोत्सव-2026: मुख्यमंत्री ने मां के नाम लगाया पीपल का पौधा, ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 05 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ में वन महोत्सव-2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को नया रायपुर में अपनी मां के नाम पर पीपल का पौधा लगाकर ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पीपल का विशेष महत्व है और यह जैव विविधता तथा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2024 से शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिला है। छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों के दौरान 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2026 में ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का आग्रह किया।

जलवायु परिवर्तन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते तापमान और प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प का भी उल्लेख करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरित और स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में लगभग 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर