वन महोत्सव से अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस तक: अरुण साव ने हरियाली संरक्षण और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर दिया जोर

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

बिलासपुर/लोरमी, 29 जुलाई 2026, वाय के न्यूज।‌वन महोत्सव और अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर और लोरमी क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण, हरियाली विस्तार और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।

बिलासपुर के पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वन महोत्सव में उप मुख्यमंत्री ने रुद्राक्ष के पौधे का रोपण किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृंगार ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर उन्होंने वन विभाग के “पौधा तुंहर दुआर” वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से अधिक लोगों तक पौधों का वितरण होगा और हरियाली का विस्तार किया जा सकेगा। कार्यक्रम में उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि के चेक भी वितरित किए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वन संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

अचानकमार में बाघ संरक्षण का संकल्प

अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर उप मुख्यमंत्री ने लोरमी के अचानकमार टाइगर रिजर्व स्थित शिवतराई बैगा रिजॉर्ट में बाघ संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि बाघ केवल वन्यजीव नहीं, बल्कि जंगलों के संतुलन और समृद्ध जैव विविधता के आधार हैं।

उन्होंने कहा कि अचानकमार टाइगर रिजर्व में संरक्षण के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

इस दौरान उन्होंने अचानकमार डॉग स्क्वाड के लिए बोलेरो कैंपर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और वन विभाग के कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया।

तीरंदाजी खिलाड़ियों से मुलाकात

शिवतराई में उप मुख्यमंत्री ने युवा तीरंदाजी खिलाड़ियों से आत्मीय भेंट की। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल उपकरण, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं के विकास को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना जरूरी है।

वन महोत्सव और बाघ दिवस के कार्यक्रमों में विधायक धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, विधायक दिलीप लहरिया, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, कुलपति प्रो. वीके सारस्वत, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर