रेलवे ने 402 खानपान इकाइयां खंगालीं, स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता की जांच

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

311 स्टेशन इकाइयों, 77 चलती ट्रेनों की खानपान सेवाओं और 14 बेस किचन का निरीक्षण

बिलासपुर/रायपुर, 7 सितंबर, वाय के न्यूज। यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों में 21 अगस्त से 4 सितंबर तक विशेष खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान कुल 402 खानपान इकाइयों का निरीक्षण किया गया।

रेलवे के अनुसार इनमें 311 स्टेशन खानपान इकाइयां, चलती ट्रेनों में संचालित 77 खानपान इकाइयां और 14 बेस किचन शामिल हैं। मुख्यालय और मंडल स्तर के अधिकारियों की निगरानी में हुए निरीक्षणों में खानपान सेवाओं में निर्धारित मानकों के पालन की जांच की गई।

भोजन से लेकर रसोई तक की जांच

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और ताजगी, भोजन तैयार करने वाले स्थानों की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और रखरखाव, भोजन परोसने वाले काउंटर, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता देखी गई।

कचरे के उचित निपटान और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अन्य मानकों की भी जांच की गई। अभियान में FSSAI के दिशा-निर्देशों और रेलवे के निर्धारित खानपान मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया गया।

कर्मचारियों को दिए गए निर्देश

अभियान के दौरान खानपान सेवाओं से जुड़े विक्रेताओं और कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों को दस्ताने और टोपी जैसे सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और कचरे के समय पर निपटान के संबंध में भी निर्देशित किया गया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता की निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण और गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर