रक्षाबंधन के तीन दिन बाद दिल्ली लौटा था युवराज, सत्य निकेतन हादसे में गई जान

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

दुर्ग के पंचशील नगर का 20 वर्षीय छात्र था मृतकों में शामिल, दोस्त से फोन पर बात करते-करते अचानक बंद हो गई आवाज; दुर्ग पुलिस ने की मौत की पुष्टि

दुर्ग, 7 सितंबर, वाय के न्यूज। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने से जान गंवाने वालों में छत्तीसगढ़ के दुर्ग का 20 वर्षीय छात्र युवराज सोनी भी शामिल है। दुर्ग पुलिस ने युवराज की मौत की पुष्टि की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषंकर चंद्रा के अनुसार, पुलिस को युवराज की मौत की सूचना मिली है और उसके परिजनों को जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

युवराज दुर्ग के पंचशील नगर का रहने वाला था और दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह अपने पिता कन्हैया सोनी का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक छोटी बहन है।

31 अगस्त को दिल्ली लौटा था

परिजनों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार युवराज रक्षाबंधन मनाने के लिए दुर्ग आया था। त्योहार के बाद वह 31 अगस्त को दिल्ली वापस गया था। इसके कुछ ही दिन बाद सत्य निकेतन में हुए हादसे ने परिवार को कभी न भरने वाला दुख दे दिया।

युवराज दिल्ली में पढ़ाई के साथ अपने भविष्य को लेकर सपने देख रहा था। परिवार के अनुसार वह आगे चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की तैयारी करना चाहता था।

दोस्त से फोन पर हो रही थी बात

हादसे के समय युवराज अपने दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान अचानक युवराज की आवाज बंद हो गई। इसके बाद दोस्त और परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसकी मौत की पुष्टि हुई।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

युवराज की मौत की खबर के बाद दुर्ग के पंचशील नगर स्थित उसके घर में मातम पसरा है। परिवार के लोग दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। जिस बेटे को कुछ दिन पहले रक्षाबंधन के बाद पढ़ाई के लिए दिल्ली भेजा था, उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया है।

सत्य निकेतन हादसे में मध्य प्रदेश के देवास निवासी अर्पित जाज की भी मौत हुई है। दोनों छात्र दिल्ली में पढ़ाई कर रहे थे। हादसे में कुल सात लोगों की मौत हुई है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर