राष्ट्रपति से भेंट कर लौटे प्रतिभावान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से की सौजन्य मुलाकात

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और लोक संस्कृति की विद्यार्थियों ने छोड़ी अमिट छाप

रायपुर, 1 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति भवन की यादगार यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव सुनाए।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में गौरव की बात है। प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने उनसे सहजता और आत्मीयता के साथ बातचीत की तथा उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं। ऐसे अवसर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई ऊंचाई देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

रक्षाबंधन के अवसर पर मिला था राष्ट्रपति भवन आने का अवसर

उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट और संवाद का विशेष अवसर मिला था। राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

राष्ट्रपति ने CWSN विद्यार्थी को बांधी राखी

राष्ट्रपति भवन में मुलाकात का भावुक और यादगार क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश के साथ वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी यादगार बन गया।

सुवा नृत्य से दिखी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति

इस अवसर पर छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति भी दी। लोकगीत, संगीत और पारंपरिक नृत्य से सजी प्रस्तुति ने राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय दिया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे आत्मसात कर देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो परंपराओं को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और इस यात्रा के अनुभव को वे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, प्रदेश और देश को गौरवान्वित करें।

राष्ट्रपति से भेंट करने वाले विद्यार्थी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।

इस अवसर पर राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर डॉ. मुक्ति बैस तथा शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद के व्याख्याता (भौतिकी) चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित थे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर