उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी बधाई
रायपुर, 6 अगस्त। धमतरी जिले के नवागांव की रहने वाली रेणुका गोस्वामी को 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की बेटियों, ग्रामीण युवाओं और कौशल विकास की सफलता का प्रतीक है।
रेणुका गोस्वामी ने वर्ष 2018 में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने निजी क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की और विभिन्न संस्थानों में कार्य करते हुए वर्तमान में रायपुर की एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिल रहा है।
विजय शर्मा ने कहा कि रेणुका की सफलता यह दर्शाती है कि कौशल प्रशिक्षण, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति भवन में उनकी उपस्थिति प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और रेणुका गोस्वामी जैसी सफलता की कहानियां इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम को सामने लाती हैं।
