विभिन्न विभागों में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर विदाई
रायपुर, 1 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में विभिन्न विभागों में कार्यरत 13 रेलकर्मी 31 अगस्त 2026 को अपनी सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को विदाई दी गई।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में यांत्रिकी विभाग के 2, इंजीनियरिंग के 3, परिचालन के 3, विद्युत के 2, वाणिज्य के 1, मेडिकल के 1 और कार्मिक विभाग के 1 कर्मचारी शामिल हैं।
समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति संबंधी भुगतान के प्रमाण-पत्र दिए गए। ई-पेमेंट के माध्यम से कुल 6 करोड़ 88 लाख 28 हजार 4 रुपये की राशि का भुगतान किया गया। कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश (PPO), पहचान पत्र तथा कर्मचारियों और उनके आश्रितों के पास कार्ड भी 31 अगस्त को प्रदान किए गए।
एडीआरएम ने दी शुभकामनाएं
अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवा के दौरान जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन के लिए बधाई दी। उन्होंने कर्मचारियों से सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य का ध्यान रखने और परिवार व रिश्तेदारों के साथ समय बिताने की अपील की।
उन्होंने सेवानिवृत्ति के दौरान मिली राशि को उचित स्थान पर निवेश करने की सलाह भी दी और सभी के सुखद भविष्य एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल गर्ग, सहायक कार्मिक अधिकारी महेन्द्र कुमार शर्मा, सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनके परिजन, कल्याण निरीक्षक, बंदोबस्त अनुभाग के कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
