80 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर शुरू, 19 करोड़ की लागत से तैयार हुआ उपकेंद्र
रायपुर, 1 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने बेमेतरा जिले के बेतर (दाढ़ी) में नवनिर्मित 132/33 केवी उपकेंद्र को ऊर्जीकृत कर दिया है। प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने मंगलवार को उपकेंद्र का ऊर्जीकरण किया। यहां 40-40 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफार्मर भी शुरू किए गए हैं। इससे उपकेंद्र की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 80 एमवीए हो गई है।
नए उपकेंद्र से बेमेतरा के 72 और कवर्धा के 25 गांवों, यानी कुल 97 गांवों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। बढ़ती बिजली मांग के बीच इससे विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन और घरेलू, कृषि समेत अन्य उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति में मदद मिलेगी।
उपकेंद्र के निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसे पारेषण नेटवर्क से जोड़ने के लिए 220 केवी उपकेंद्र गेन्दपुर से 132 केवी उपकेंद्र तक जाने वाली पारेषण लाइन को LILO (Loop In Loop Out) किया गया है। इसके लिए करीब 8.8 करोड़ रुपये की लागत से 5 किलोमीटर नई पारेषण लाइन बनाई गई है।
प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए प्रदेश में पारेषण नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नए उपकेंद्र और पारेषण लाइनें वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य में बढ़ने वाले विद्युत भार को पूरा करने के लिए भी अधोसंरचना तैयार करेंगी।
उपकेंद्र परिसर में पौधरोपण
ऊर्जीकरण के अवसर पर उपकेंद्र परिसर में पौधरोपण भी किया गया। प्रबंध निदेशक सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक एम.एस. चौहान, संजय पटेल, के.एस. मनोठिया, वीरेंद्र दीक्षित और शिरीष शैलेट, मुख्य अभियंता अब्राहम वर्गीस, संजय तिवारी और प्रसन्ना गोसावी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश तिवारी, अधीक्षण अभियंता आई.एस. कंवर, करुणेश यादव, सुनील भूआर्य, धनेश देवांगन, तरुण ठाकुर, विक्रम मंधान और ललित देवांगन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
