पेंशनर्स महासंघ की पहल रंग लाई, रायपुर में 49 पेंशनरों को सेवानिवृत्ति पर मिला PPO

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार



अब रिटायरमेंट के बाद दफ्तरों और कोषालय के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत


रायपुर, 1 सितंबर 2026। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के लंबे अभियान का सकारात्मक असर अब रायपुर जिले में भी दिखाई दिया है। सेवानिवृत्ति के समय ही पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) और अन्य देय लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है।
31 अगस्त को रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए 49 कर्मचारियों को कलेक्टर गौरव सिंह ने PPO सहित देय लाभों से संबंधित दस्तावेज सौंपे। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव इस व्यवस्था को लागू कराने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। महासंघ के पदाधिकारियों ने पहल के लिए नामदेव के प्रयासों की सराहना करते हुए कलेक्टर गौरव सिंह के प्रति आभार जताया।
महासंघ लंबे समय से मुख्य सचिव सहित विभिन्न स्तर के अधिकारियों के समक्ष मांग रखता रहा है कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय ही PPO और सभी देयकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। महासंघ का कहना है कि इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए बार-बार विभागीय कार्यालयों और कोषालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
महासंघ के रायपुर संभाग अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, जिला अध्यक्ष आर.जी. बोहरे और जिला सचिव ओ.डी. शर्मा ने कहा कि इस व्यवस्था से PPO जारी करने और देयकों के भुगतान में होने वाले अनावश्यक विलंब पर रोक लगेगी।
महासंघ ने मांग की है कि सेवानिवृत्ति के समय PPO और देय लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था सभी विभागों में सख्ती से लागू की जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर उनके वैधानिक अधिकार मिल सकें।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर