रायपुर, 31 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष “किलाबंदी टिकट चेकिंग” अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 235 मामले दर्ज किए गए और 2,02,345 रुपये का राजस्व वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 30 जुलाई को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 12 ट्रेनों में एक साथ जांच की गई।
जांच के दौरान 147 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनसे 1,55,540 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं 64 यात्रियों को अनियमित टिकट पर यात्रा करते पाए जाने पर 42,565 रुपये वसूले गए। इसके अलावा 22 यात्रियों से निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने पर 2,240 रुपये तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने के दो मामलों में 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रेलवे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। अभियान का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में किया गया, जिसमें मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग) सहित 14 टिकट जांचकर्मी शामिल रहे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैध टिकट तथा स्टेशन में प्रवेश के लिए आवश्यक होने पर प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। साथ ही रेल परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। रेलवे ने बताया कि रेल परिसर में गंदगी फैलाने पर 1,000 से 5,000 रुपये तक जुर्माना या छह महीने तक के कारावास का प्रावधान है।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
- कुल मामले : 235
- कुल राजस्व : ₹2,02,345
- बिना टिकट यात्री : 147 (₹1,55,540)
- अनियमित टिकट : 64 (₹42,565)
- अधिक सामान : 22 (₹2,240)
- गंदगी फैलाने के मामले : 2 (₹2,000)
