यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने पर रायपुर रेल मंडल ने चार महीने में 580 यात्रियों को पहुंचाई मेडिकल मदद

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 5 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। ट्रेन में सफर के दौरान तबीयत खराब होने पर अब यात्रियों को जल्द चिकित्सा सहायता मिल रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 के बीच रेल मदद (RailMadad) प्लेटफॉर्म के जरिए 580 यात्रियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

रेलवे के अनुसार, इनमें 553 मामले ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों से जुड़े थे, जबकि 27 मामलों में रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सा सहायता दी गई। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में ऐसे 1,129 मामलों का समाधान किया गया था।

रेल मंडल ने बताया कि रेल मदद पर सूचना मिलते ही वाणिज्य, चिकित्सा विभाग, स्टेशन प्रबंधन और ट्रेन स्टाफ मिलकर अगले उपयुक्त स्टेशन पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करते हैं।

हाल के कुछ मामलों में ट्रेन संख्या 12145 में यात्रा कर रहे एक यात्री को पीलिया और लगातार उल्टी की शिकायत पर रायपुर स्टेशन में इलाज उपलब्ध कराया गया। वहीं, 12856 में सफर कर रही महिला यात्री के लिए दुर्ग स्टेशन पर सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए गए। एक अन्य मामले में हृदय सर्जरी करा चुके चार महीने के शिशु को समय पर चिकित्सा सहायता दी गई। जुलाई में एक पांच वर्षीय बच्ची को तेज बुखार होने पर रायपुर स्टेशन पर दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान चिकित्सा, सुरक्षा या किसी अन्य प्रकार की सहायता की जरूरत पड़ने पर RailMadad ऐप, RailMadad पोर्टल या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर