मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी : सरकारी विभागों पर 24 करोड़ का बिजली बिल बकाया, सख्ती

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार


स्कूल ही नहीं, पंचायतों और नगरीय निकायों समेत सभी शासकीय संस्थाओं से वसूली तेज़, स्मार्ट मीटर से जरूरत के मुताबिक काटे जा रहे कनेक्शन

मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी, 9 सितंबर, वाय के न्यूज।

मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी जिले में बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं है। बिजली कंपनी जिले के सभी शासकीय विभागों और संस्थाओं से बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए बकाया के अनुसार स्मार्ट मीटर के माध्यम से कनेक्शन काट रही है। जिले के शासकीय विभागों पर कुल 24.03 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी के कार्यपालन अभियंता अनिल रामटेके ने बुधवार को यदा कदा को बताया कि बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए जिले में सभी शासकीय विभागों के कनेक्शनों पर बकाया अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं है।

पंचायतों पर 16.43 करोड़ बकाया

बिजली कंपनी के अनुसार जिले की पंचायतों पर 16.43 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पर 2.75 करोड़ रुपए, नगरीय निकायों पर 1.62 करोड़ रुपए और आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग पर 1.26 करोड़ रुपए बकाया है।

इसी तरह स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शासकीय संस्थाओं पर 63.63 लाख रुपए, स्कूल शिक्षा विभाग पर 41 लाख रुपए और जिला पंचायत, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी पर 6 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया बताया गया है।

भुगतान होते ही बहाल होगा कनेक्शन

कार्यपालन अभियंता अनिल रामटेके ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान प्राप्त होते ही संबंधित शासकीय संस्थान का बिजली कनेक्शन तत्काल बहाल कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई के दौरान अत्यावश्यक नागरिक सेवाओं से जुड़ी संस्थाओं को आवश्यकता के अनुसार कुछ मोहलत भी दी जाती है।

सभी शासकीय विभागों में स्मार्ट मीटर

रामटेके के मुताबिक जिले के शत-प्रतिशत शासकीय विभागों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। हालांकि स्मार्ट मीटर के जरिए प्री-पेड भुगतान की व्यवस्था अभी प्रक्रियाधीन है।

बिजली कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर के जरिए बकाया और बिजली खपत की निगरानी के साथ भुगतान नहीं होने की स्थिति में  कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई की जा रही है।

प्रतीकात्मक फ़ीचर्ड फोटो

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर