मुंगेली में बीईएमएल संयंत्र को कैबिनेट की मंजूरी, 79.70 एकड़ भूमि होगी आवंटित

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 05 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ सरकार ने मुंगेली जिले में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट (HEMM) निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।

प्रस्तावित संयंत्र मुंगेली जिले की पथरिया तहसील के ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थापित होगा। यह छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र होगा। संयंत्र का स्थान बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर दूर है।

जिला प्रशासन के अनुसार, संयंत्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण, एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स, परिवहन तथा स्पेयर पार्ट्स निर्माण जैसे सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पथरिया की एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने बताया कि परियोजना के लिए प्रारंभिक स्तर पर रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन किया जा रहा था। बाद में कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजा, जिसे अब मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल गई है।

कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने इसे मुंगेली के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि बीईएमएल संयंत्र जिले को आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का नया केंद्र बनाने में सहायक होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर