गांव से राज्य स्तर तक युवा नेटवर्क मजबूत करने के निर्देश
रायपुर, 18 अगस्त 2026। वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ में ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) से 6.60 लाख से अधिक युवा जुड़ चुके हैं। देशभर में इस मंच से जुड़े युवाओं की संख्या 2.65 करोड़ से अधिक है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में माय भारत की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रदेश में इसकी गतिविधियों का विस्तार करने और युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की दिशा में ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने पर जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, पर्यटन और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।
233 कार्यक्रमों में 2,389 युवा जुड़े
बैठक में बताया गया कि माय भारत के तहत अनुभव आधारित शिक्षण कार्यक्रमों (ईएलपी) के जरिए छत्तीसगढ़ में 233 कार्यक्रमों में 2,389 से अधिक युवा जुड़े हैं। देशभर में 24,900 से अधिक ईएलपी के माध्यम से 1.21 लाख युवाओं को शासन की विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव मिला है।
छत्तीसगढ़ में 5,778 स्वयंसेवा अवसरों के माध्यम से 23,900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया है। देशभर में 1.53 लाख से अधिक स्वयंसेवा अवसरों के जरिए 10 लाख से ज्यादा युवा जुड़े हैं।
माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच डिजिटल एवं भौतिक मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल विकास और नेतृत्व से जुड़े अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
बस्तर के युवाओं को जोड़ने पर जोर
बैठक में बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से बड़े पैमाने पर जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप उन्हें नेतृत्व, कौशल, खेल, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेल, कला और संस्कृति में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिले हैं। माय भारत के माध्यम से ऐसे युवाओं को आगे बढ़ने के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की योजना पर भी जोर दिया गया।
यंग लीडर्स डायलॉग की तैयारी
बैठक में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए खेल, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, समाज कल्याण, नगरीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजना है।
देश में वर्ष 2025 के विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में 30 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी की जानकारी बैठक में दी गई। इसके अलावा विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, युवा कनेक्ट, यूथ आइकन और नशामुक्त युवा जैसे कार्यक्रमों से युवाओं को जोड़ने की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा माय भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
