बस्तर की सड़कों और पुल-पुलियों को दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

10 सितंबर तक काम में प्रगति नहीं दिखाने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई, अनुबंध निरस्त करने के निर्देश

रायपुर, 18 अगस्त 2026। वाय के न्यूज। बस्तर संभाग में सड़क और पुल-पुलियों की निर्माणाधीन परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने समयसीमा तय की है। भारत सरकार के आरआरपी (Road Requirement Plan) और आरसीपीएलडब्ल्यूईए (Road Connectivity Project in Left Wing Extremism Areas) के तहत चल रहे सड़क और पुल-पुलियों के काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में बस्तर परिक्षेत्र के अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक 15 दिन में काम की प्रगति की समीक्षा करने और नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने को कहा।

10 सितंबर तक प्रगति नहीं तो कार्रवाई

बस्तर परिक्षेत्र के सभी नौ संभागों में काम कर रहे ठेकेदारों को 10 सितंबर तक कार्यों में स्पष्ट प्रगति दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और उनके अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन निर्माण स्थलों का दौरा कर निर्माण सामग्री और काम की गुणवत्ता जांचने को कहा गया है। ठेकेदारों के साथ समन्वय कर निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार काम पूरा कराने और जांच के बाद नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

ठेकेदारों को अनुबंध के मुताबिक आवश्यक प्लांट और मशीनरी कार्यस्थलों पर लगाने को कहा गया है। मशीनरी नहीं लगाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पहुंचविहीन गांवों को सड़क से जोड़ने की तैयारी

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन की स्थिति की समीक्षा की गई। द्रुतगामी सड़कों और पहुंचविहीन गांवों को जोड़ने के लिए प्रस्तावित सड़कों एवं पुलों के प्राक्कलन की भी जानकारी ली गई।

स्वीकृत नए कार्यों में भू-अर्जन और वन व्यपवर्तन के लंबित मामलों की जानकारी शासन को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि इनके निराकरण की प्रक्रिया तेज की जा सके।

बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत पर जोर

सचिव ने बारिश के बाद सड़कों की पेच रिपेयरिंग का काम तेजी से शुरू करने के लिए 30 सितंबर तक एजेंसियों के निर्धारण की निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरने और परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत ठेकेदारों से कराने को कहा गया।

बारिश के बाद बाढ़ और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों तथा पुल-पुलियों की स्थायी मरम्मत को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, उप सचिव अंशिका पाण्डेय, बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एम.एल. उरांव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बस्तर के सभी नौ संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर