तकनीकी दक्षता, नवाचार और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर कार्य के लिए मिला सम्मान
प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह
रायपुर, 18 अगस्त 2026। वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी में क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। डंगनिया स्थित सेवाभवन के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों का चयन तकनीकी दक्षता, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, नवाचार, विद्युत प्रणाली की सुरक्षा और विश्वसनीयता तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर कार्य निष्पादन के आधार पर किया गया।

आठ अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मान
खेदामारा के परीक्षण सहायक श्रेणी-1 जे. कृष्णामूर्ति को सेमरिया 220 केवी उपकेंद्र के सर्किट ब्रेकर का एक पोल बस्ट होने की घटना में सूझबूझ से बड़े उपकरणों को बचाने के लिए सम्मानित किया गया।
अंबिकापुर सिविल संभाग के डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमित कुमार सिंह को तिल्दा, कुसमी और सोनगरा के 132 केवी उपकेंद्रों के लिए वन भूमि आवंटन में उल्लेखनीय प्रयास के लिए सम्मान मिला।
महासमुंद के 132/33 केवी उपकेंद्र झलप एवं बागबाहरा की सहायक अभियंता लता जगत को 63 एमवीए ट्रांसफार्मरों की समयबद्ध स्थापना और आपातकालीन परिस्थितियों में विद्युत प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुरस्कृत किया गया।
भिलाई कर्मशाला संभाग के परिचारक श्रेणी-दो (ला.) वेदराम यादव को जटिल ट्रांसमिशन संरचनाओं और 220 केवी टावरों के लिए विशेष टेम्पलेट तैयार कर निर्माण कार्य को सरल बनाने के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।
रायगढ़ के अति उच्च दाब निर्माण उपसंभाग के परिचारक श्रेणी-एक (लाइन) सत्य प्रकाश राठौर को ग्रामीण क्षेत्रों की चुनौतियों के बीच घरघोड़ा-बरौद 132 केवी लाइन का निर्माण समय से पहले पूरा कराने के लिए सम्मानित किया गया।
रायपुर के अति उच्च दाब निर्माण संभाग के लाइन सहायक श्रेणी-दो हीरा सिंह ध्रुव को एनएमडीसी बचेली के लिए 132 केवी लाइन निर्माण में विभिन्न विभागों और स्थानीय लोगों के साथ प्रभावी समन्वय के लिए सम्मान मिला।
बिलासपुर के 132 केवी उपकेंद्र तिफरा की सहायक अभियंता वीणा ध्रुव को नौ उपकेंद्रों का अतिरिक्त दायित्व संभालने, आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्य निष्पादन और नए पावर ट्रांसफार्मरों की सफल चार्जिंग में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
रायपुर मुख्यालय की प्रबंधक (वित्त) अमृता व्यास को एपीआई आधारित मशीन-टू-मशीन भुगतान प्रणाली विकसित कर भुगतान प्रक्रिया के डिजिटलीकरण में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, कार्यपालक निदेशक (वित्त) एम.एस. चौहान, कार्यपालक निदेशक (लाइन) संजय पटेल, कार्यपालक निदेशक (ट्रांसमिशन) वी.के. दीक्षित, मुख्य अभियंता (भार प्रेषण) शारदा सोनवानी, मुख्य अभियंता (उपकेंद्र) अब्राह्म वर्गीस, मुख्य अभियंता (परियोजना) प्रसन्ना गोसावी और मुख्य अभियंता (एचआर) रश्मि वर्मा सहित अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल ने किया और अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी ने आभार व्यक्त किया।
