महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी, 67.20 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹630.55 करोड़

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डीबीटी के माध्यम से जारी की राशि, अब तक 19,444.33 करोड़ रुपये का भुगतान

रायपुर, 7 अगस्त, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 630 करोड़ 55 लाख 54 हजार 300 रुपये की राशि अंतरित की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार और संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को केवल प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण का अभियान है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं तो परिवार, बच्चों का भविष्य और समाज भी मजबूत होता है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर कर रही हैं। कई महिलाएं सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर बेटियों का भविष्य सुरक्षित बना रही हैं, जबकि अनेक महिलाओं ने सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, डेयरी, किराना दुकान, सब्जी विक्रय, पशुपालन, अगरबत्ती निर्माण और अन्य छोटे स्वरोजगार शुरू कर अपनी आय बढ़ाई है।

उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। डीबीटी व्यवस्था से हर महीने सहायता राशि सीधे महिलाओं के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

1 मार्च 2024 से चल रही है योजना

महतारी वंदन योजना का शुभारंभ 1 मार्च 2024 को किया गया था। 30वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत अब तक महिलाओं को 19,444 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।

सरकार के अनुसार योजना से महिलाओं की घरेलू निर्णयों में भागीदारी बढ़ी है, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च में वृद्धि हुई है तथा स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यवसायों के माध्यम से महिलाओं की आय में भी इजाफा हुआ है। सरकार का कहना है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर