पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा, सामूहिक गायन, मैराथन और सांस्कृतिक आयोजन होंगे
रायपुर, 7 अगस्त, वाय के न्यूज। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संस्कृति विभाग 7 से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में देशभक्ति से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित करेगा। यह अभियान इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव को समर्पित है।
संस्कृति विभाग के अनुसार, 9 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा, जबकि 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद पूरे प्रदेश में सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का गायन किया जाएगा।
गांव से शहर तक निकलेंगी तिरंगा यात्राएं
अभियान के दौरान सभी जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक और कार रैलियां, मशाल यात्राएं तथा तिरंगा मैराथन आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
सेल्फी, कॉन्सर्ट और रिकॉर्डिंग बूथ भी होंगे आकर्षण
नागरिक अपने घरों पर फहराए गए तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेशभर में ऑडियो और वीडियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां लोग स्वयं ‘वंदे मातरम्’ गाकर अपनी रिकॉर्डिंग अपलोड कर सकेंगे।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारत विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों की स्मृति में विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। वहीं राज्य पुलिस बैंड विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां देगा।
संस्कृति विभाग का कहना है कि इस वर्ष का अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रभक्ति, जनभागीदारी और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का व्यापक जन-अभियान बनेगा।
