बैकुंठपुर/दुर्ग 3 अगस्त। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ की जिला इकाई कोरिया द्वारा सोमवार को बैकुंठपुर में संगठन का स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से संघ गीत का गायन किया।
जिलाध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए। इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने एक स्वर में राज्य सरकार से लंबित 82 माह के डीआर (महंगाई राहत) एरियर का भुगतान करने तथा जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत का आदेश शीघ्र जारी करने की मांग की।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दुर्ग जिला इकाई द्वारा शिवमहाभिषेक का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रदेश के पेंशनर्स के सुख, समृद्धि और संगठन की मजबूती की कामना की गई।

पेंशनर्स का कहना था कि लंबे समय से लंबित एरियर और महंगाई राहत के आदेश जारी होने से प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी। संगठन ने सरकार से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
