सांकरा उपकेंद्र की क्षमता 143 एमवीए हुई, 200 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 4 अगस्त 2026 (वाय के न्यूज)। महासमुंद जिले के 132/33 केवी सांकरा विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ा दी गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने यहां 40 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का सफलतापूर्वक ऊर्जीकरण किया है। इसके साथ ही उपकेंद्र की कुल स्थापित क्षमता 103 एमवीए से बढ़कर 143 एमवीए हो गई है।

पावर कंपनी के अनुसार, पिछले वर्ष पीक लोड सीजन में उपकेंद्र पर करीब 96 एमवीए का भार दर्ज किया गया था, जिससे ओवरलोड और लो वोल्टेज की समस्या सामने आ रही थी। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से इन समस्याओं में राहत मिलेगी और लगभग 200 गांवों को अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पावर कंपनी के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश के पारेषण नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आदिवासी, वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्युत अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

करीब 4 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का कार्य लगभग एक माह 15 दिन में पूरा किया गया। सांकरा उपकेंद्र को 132 केवी सरायपाली और 132 केवी झलप पारेषण लाइनों से बिजली मिलती है तथा यहां से 33 केवी के नौ फीडरों के माध्यम से क्षेत्र में आपूर्ति की जाती है। यह क्षेत्र कृषि, कृषि आधारित उद्योगों और अन्य औद्योगिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है।

ऊर्जीकरण कार्यक्रम के दौरान उपकेंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अभियंता अब्राहम वर्गीश सहित पारेषण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर