जिलों और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में भी शुरू होंगे सम्मान कार्यक्रम
रायपुर, 27 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। राज्य शासन अब बेहतर काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को हर महीने सम्मानित करेगा। यह व्यवस्था अब केवल मंत्रालय तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सभी विभागाध्यक्ष कार्यालयों और जिला कार्यालयों में भी लागू होगी। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मासिक सम्मान समारोह में यह निर्देश दिए।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, जून माह के प्रदर्शन के आधार पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को प्रथम, गृह विभाग को द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को तृतीय स्थान मिला। व्यक्तिगत श्रेणियों में भूपेन्द्र कुमार राजपूत, दूरदेशी राम सोन्टापर, पूरन लाल साहू, नंद कुमार मेश्राम, आलोक जोशी, ललिता राय, उमेश यादव, प्रभु सिंह राठिया, सतकुमार भास्कर, अभिषेक दास, माया देवांगन और अमित हूमाने सहित अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। समयबद्ध कार्यालयीन उपस्थिति के लिए उप सचिव श्रीमती क्लेमेनटिना लकड़ा, अवर सचिव श्रीमती दिव्या वैष्णव तथा 19 अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि अच्छा काम करने वालों को पहचान और प्रोत्साहन मिलने से कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव आता है। इसलिए सभी विभागाध्यक्ष कार्यालयों और जिला कार्यालयों में हर महीने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों को ई-एचआरएमएस, स्पैरो (SPARROW) और ई-ऑफिस में अधिकारियों और कर्मचारियों की शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2025-26 के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (एसीआर) ऑनलाइन भरने और आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य रूप से लागू करने पर जोर दिया।
विज्ञप्ति के अनुसार, अगले महीने से ई-ऑफिस में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभागाध्यक्ष कार्यालय और जिला कार्यालय को राज्य स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विभागों और जिलों की रैंकिंग जारी की जाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि सरकारी कार्यालयों में जवाबदेही, समयबद्धता, डिजिटल कार्यसंस्कृति और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।

