दो प्रतिशत डीआर एरियर सहित भुगतान की मांग
संभागीय आयुक्तों को मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
रायपुर 17 अगस्त 2026। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा राज्य के लाखों पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का एरियर सहित भुगतान किए जाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का दूसरा चरण 19 अगस्त 2026, बुधवार को आयोजित किया जाएगा।
महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पेंशनरों की इस न्यायोचित मांग को लेकर महासंघ द्वारा लगातार राज्य शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। महासंघ का कहना है कि जनवरी 2026 से केंद्र सरकार के समान देय दो प्रतिशत महँगाई राहत(डी . आर.)का लाभ राज्य के पेंशनरों को भी तत्काल एरियर सहित दिया जाना चाहिए।
श्री नामदेव ने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में 5 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में जिला इकाइयों द्वारा कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रस्तुत किया जा चुका है। इसके बाद दूसरे चरण में 19 अगस्त को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और नारेबाजी कर पेंशनरों की मांग को शासन तक पहुँचाई जाएगी ।
इस अवसर पर महासंघ के संभागीय प्रतिनिधि मंडलों द्वारा संबंधित संभागीय आयुक्तों को मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौपा जाएगा । रायपुर में संभागीय अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, दुर्ग में संभागीय अध्यक्ष बी. एल. गजपाल, बिलासपुर में संभागीय अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप, अंबिकापुर में संभागीय अध्यक्ष गुरुचरण सिंह तथा जगदलपुर में संभागीय अध्यक्ष रामनारायण ताटी की के नेतृत्व में संभागीय आयुक्तों को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम आयोजित होगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महासंघ के बैनर पर पेंशनर्स 19 अगस्त को संभागीय मुख्यालयों में निर्धारित स्थान पर एकत्र होकर शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन तथा नारेबाजी करेंगे । इसके बाद दोपहर 12 बजे संभागीय प्रतिनिधि मंडलों द्वारा संभागीय आयुक्तों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि पेंशनरों ने अपने सम्पूर्ण सेवाकाल में राज्य और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मिलने वाली महँगाई राहत (डी . आर.)कोई अनुग्रह नहीं, बल्कि उनके अधिकारों से जुड़ा विषय है। लंबे समय से लंबित इस मांग पर अब राज्य शासन को सकारात्मक निर्णय लेते हुए जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत डी.आर. का एरियर सहित भुगतान आदेश शीघ्र जारी करना चाहिए। प्रांतीय अध्यक्ष श्री नामदेव सहित पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी और प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने राज्य के सभी जिला अध्यक्षों, संभागीय और जिला पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा पेंशनर साथियों से 19 अगस्त के कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
