‘अटल जी के संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ को दी नई पहचान’

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 16 अगस्त। वाय के न्यूज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री निवास परिसर में वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम था।

साय ने कहा कि वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की जरूरतों और अलग राज्य की लंबे समय से चली आ रही जनआकांक्षा को समझा और प्रधानमंत्री रहते हुए उसे साकार किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य की पहचान दिलाने वाला यह निर्णय प्रदेश के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का छत्तीसगढ़ से संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीय भी था। उन्होंने वाजपेयी के साथ अपनी मुलाकातों और उनसे मिले स्नेह व मार्गदर्शन को याद करते हुए कहा कि उनकी स्मृतियां आज भी उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करती हैं।

संवेदनशीलता और संवाद उनकी पहचान

साय ने कहा कि वाजपेयी संवेदनशील कवि, पत्रकार, प्रभावशाली वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे। वैचारिक दृढ़ता के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और संवाद उनके सार्वजनिक जीवन की प्रमुख विशेषताएं थीं। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर व्यापक सम्मान हासिल किया।

गांव, किसान और जनजातीय समाज पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को सड़क से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति दी। किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी उनके कार्यकाल में कई पहल की गईं।

साय ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता देते हुए वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया गया। उनके अनुसार यह जनजातीय समुदायों के विकास और उनकी आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

अटल के आदर्शों पर आगे बढ़ने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के मूल्यों के साथ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

साय ने कहा कि सरकार के प्रयास गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज के जीवन में बदलाव लाने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण पर केंद्रित हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित थे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर