पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख बदली, अब 2 से 4 नवंबर तक होगी परीक्षा

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

शिक्षक भर्ती परीक्षा से तारीख टकराने के बाद CGPSC ने बदला कार्यक्रम; दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राहत

रायपुर, 10 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा की तारीख बदल दी गई है। पहले यह परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तारीख टकरा रही थी।

अभ्यर्थियों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को होगा।

एक ही दिन दो परीक्षाओं की स्थिति टली

पुलिस भर्ती की मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीखों में 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी होनी थी। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा में शामिल होने का विकल्प चुनने की मजबूरी बन सकती थी।

अभ्यर्थियों की यह समस्या मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद परीक्षा की तारीख बदलने के निर्देश दिए गए। इसके बाद आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया।

4 अगस्त को आया था प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम

CGPSC ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब मुख्य परीक्षा में शामिल होना है।

मुख्य परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन और परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की ओर से जारी की जाएगी।

अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट देखते रहें

CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित नई सूचनाओं के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि परीक्षा की तारीखों के टकराव के कारण किसी पात्र युवा को किसी एक अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए। सरकार ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के हित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक फैसले लिए जाएंगे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर