पावर कंपनी का दावा: स्मार्ट मीटर से नहीं बढ़ती बिजली खपत

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग के अध्ययन में जुलाई में खपत घटने की बात, उपभोक्ताओं की शंकाओं पर दिया जवाब

रायपुर, 27 जुलाई 2026। वाय के न्यूज। स्मार्ट मीटर से बिजली खपत बढ़ने की उपभोक्ताओं की आशंकाओं के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने दावा किया है कि स्मार्ट मीटर लगाने से बिजली की खपत नहीं बढ़ती। कंपनी द्वारा रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में किए गए तुलनात्मक अध्ययन में जुलाई 2026 में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली खपत में कमी दर्ज होने की बात कही गई है।

पावर कंपनी के अनुसार मई, जून और जुलाई 2026 की खपत के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला कि बिजली उपयोग में बदलाव का कारण मीटर नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं द्वारा किए जा रहे वास्तविक बिजली उपयोग और विद्युत उपकरणों के संचालन पर निर्भर करता है।

रायपुर में 28 प्रतिशत कमी का दावा

कंपनी के मुताबिक रायपुर शहर क्षेत्र के 3 लाख 11 हजार 374 घरेलू स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के अध्ययन में 1 जून से 26 जून तक बिजली खपत करीब 10.85 करोड़ यूनिट थी, जो 1 जुलाई से 26 जुलाई के बीच घटकर 7.77 करोड़ यूनिट रह गई। कंपनी ने इसमें लगभग 28 प्रतिशत कमी का दावा किया है।

400 यूनिट से अधिक खपत वाले 1 लाख 21 हजार 135 उपभोक्ताओं के विश्लेषण में जुलाई माह में करीब 44 प्रतिशत कमी दर्ज होने की बात कही गई है।

दुर्ग और बिलासपुर के आंकड़े

पावर कंपनी के अनुसार दुर्ग शहर के चयनित 240 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं में जुलाई माह की खपत 76,257 यूनिट रही, जबकि मई में यह 1,75,451 यूनिट और जून में 1,65,411 यूनिट थी।

वहीं बिलासपुर सिटी सर्किल में 400 यूनिट से अधिक खपत वाले 9,717 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के अध्ययन में औसत खपत मई में 524 यूनिट, जून में 596 यूनिट और जुलाई में घटकर 312 यूनिट रहने का दावा किया गया है।

चेक मीटर से सत्यापन का दावा

कंपनी ने बताया कि उपभोक्ताओं की शंकाओं के समाधान के लिए चेक मीटर लगाए जा रहे हैं। अब तक लगाए गए 4500 चेक मीटरों में दर्ज खपत और स्मार्ट मीटर में दर्ज खपत समान पाए जाने का दावा किया गया है।

उपभोक्ता खुद देख सकते हैं खपत

पावर कंपनी के अनुसार स्मार्ट मीटर उपभोक्ता मोर बिजली ऐप और स्मार्ट मीटर पोर्टल के माध्यम से अपनी दैनिक और आधे-आधे घंटे की बिजली खपत देख सकते हैं। सामान्य मीटर में मासिक खपत की जानकारी उपलब्ध होती है।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्मार्ट मीटर को लेकर किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। बिजली बिल संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर