निजी विश्वविद्यालयों का पूरा हिसाब अब एक क्लिक पर

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

फीस, पाठ्यक्रम, रिजल्ट, डिग्री, पीएचडी गाइड और प्लेसमेंट की जानकारी एक पोर्टल पर

रायपुर, 7 सितंबर, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी अब एक ही वेब पोर्टल पर मिल सकेगी। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के नए पोर्टल cgpurc.cgstate.gov.in का शुभारंभ किया।

पोर्टल पर प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रम, अकादमिक कैलेंडर, प्रवेशित विद्यार्थियों की जानकारी, अंकसूची, डिग्री और पिछले वर्षों के परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे किसी विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने से पहले छात्रों और अभिभावकों को जरूरी शैक्षणिक जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।

फीस से लेकर रिक्त पद तक की जानकारी

पोर्टल पर विश्वविद्यालयों द्वारा लिए जाने वाले शुल्क, कार्यरत अधिकारियों, विभिन्न समितियों और उनके सदस्यों तथा पीएचडी शोध-निर्देशकों की जानकारी भी उपलब्ध होगी। शैक्षणिक स्वीकृतियों के साथ स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों का विवरण भी प्रदर्शित किया जाएगा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, नैक प्रत्यायन, दूसरे विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन और स्टार्टअप जैसी गतिविधियों की जानकारी भी पोर्टल पर रखी जाएगी। जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम, कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी से जुड़े विवरण भी इसमें शामिल होंगे।

निगरानी और पारदर्शिता पर जोर

नए पोर्टल के जरिए निजी विश्वविद्यालयों से संबंधित सूचनाओं को एक जगह उपलब्ध कराने के साथ उनकी गतिविधियों की निगरानी को आसान बनाने की व्यवस्था की गई है। इससे विश्वविद्यालयों से जुड़ी शैक्षणिक, प्रशासनिक और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में व्यवस्था मजबूत होगी।

पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष वी.के. गोयल सहित आयोग के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर