नवा रायपुर में कल क्रिटिकल मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी पर रोड शो

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

सीएम विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि; 20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स की नीलामी पर निवेशकों से चर्चा

रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण, खनन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से 31 अगस्त को नवा रायपुर में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त पर रोड शो आयोजित किया जाएगा। मेफेयर लेक रिजॉर्ट में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए

भारत सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त में 20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए रखे हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं।

इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन सहित अन्य महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। इन खनिजों को ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक जरूरतों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।

टिन और ई-रेत सांगवारी पोर्टल लॉन्च

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू तथा कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग के प्रशिक्षण के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा।

माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी होगी।

नीलामी प्रक्रिया और निवेश पर तकनीकी सत्र

दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र में खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड प्रस्तावित खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण देगा।

एसबीआई कैप्स की ओर से मिनरल ऑक्शन प्रोसेस और टेंडर डॉक्यूमेंट तथा एमएसटीसी की ओर से मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से जुड़ी एनएमईडीटी योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा।

इसके बाद ओपन हाउस में उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और विशेषज्ञों के साथ नीलामी प्रक्रिया तथा खनिज संसाधनों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

पहले से नीलाम ब्लॉक्स के संचालन की समीक्षा

रोड शो के बाद नीलाम किए जा चुके प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। खनन परियोजनाओं को तेजी से शुरू करने और विभिन्न स्तरों पर समन्वय से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। इसके बाद माइन विजिट प्रस्तावित है।

रोड शो को छत्तीसगढ़ में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स के अन्वेषण और खनन को गति देने तथा इस क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर