होटल से होमस्टे और इको-टूरिज्म से सोशल मीडिया तक 10 श्रेणियां; विजेताओं को ₹11 हजार और मेमेंटो
रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
इस बार होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन प्रबंधन, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म सहित 10 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।
ये हैं पुरस्कार की 10 श्रेणियां
- सर्वश्रेष्ठ होटल
- सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
- सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
- CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
- CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
- सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
- सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
- सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड

सेवाओं, नवाचार और पर्यटन प्रचार पर जोर
पुरस्कारों में पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रदर्शन को अलग-अलग मानकों पर परखा जाएगा। होटल श्रेणी में सेवाओं एवं सुविधाओं के साथ वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार, MICE सुविधाएं, आयोजित कार्यक्रम, पर्यटन प्रचार, CSR और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को देखा जाएगा।
पंजीकृत टूर ऑपरेटर के लिए आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा और अन्य पर्यटन गतिविधियों के संचालन के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन के प्रचार, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, इटिनरेरी, प्रचार सामग्री, वेबसाइट और सोशल मीडिया के उपयोग को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
जिले से स्टार्टअप तक को मौका
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के लिए पर्यटन विकास, गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवनशैली को पर्यटन से जोड़ने जैसे कार्यों को आधार बनाया जाएगा।
पर्यटन क्षेत्र में नए विचार, तकनीक, सेवाएं और व्यावसायिक मॉडल विकसित करने वाले स्टार्टअप एवं उद्यमियों को भी पुरस्कार योजना में शामिल किया गया है।
होमस्टे और डिजिटल प्रचार को भी महत्व
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के चयन में राजस्व, वार्षिक वृद्धि, बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा और शिकायत निवारण जैसे मानकों को देखा जाएगा। स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों और समुदाय को पर्यटन से जोड़ने वाले प्रयासों को भी महत्व मिलेगा।
वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर रील, वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री तैयार कर राज्य के पर्यटन को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की पहुंच तथा पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन भी दायरे में
इको-टूरिज्म श्रेणी में पर्यावरण-अनुकूल और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा। पात्र परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक है।
एडवेंचर टूरिज्म श्रेणी में कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों के संचालन, पर्यटक संख्या, राजस्व, गंतव्य प्रबंधन, सुरक्षा तथा नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने जैसे प्रयासों को आधार बनाया जाएगा।
15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन क्षेत्र के हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है।
अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंधक से 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता और श्रेणीवार मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। पुरस्कार योजना का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सेवाओं, नवाचार, सतत पर्यटन, डिजिटल प्रचार, स्थानीय भागीदारी और गुणवत्तापूर्ण पर्यटक अनुभव को प्रोत्साहित करना है।
