तीन नए केमिकल पार्क बनेंगे, ‘भव्य रसायन’ योजना को मंजूरी

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026 (वाय के न्यूज)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में तीन नए रासायनिक (केमिकल) पार्क स्थापित करने के लिए ‘भारत औद्योगिक विकास योजना-रसायन (भव्य रसायन)’ को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को स्वीकृति दी गई।

योजना पर 3,030 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 3,000 करोड़ रुपये पार्कों में सड़क, पानी, पाइपलाइन, अपशिष्ट प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर खर्च होंगे, जबकि 30 करोड़ रुपये प्रशासनिक मद के लिए रखे गए हैं। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू रहेगी।

योजना के तहत केंद्र सरकार प्रत्येक रासायनिक पार्क के लिए 1,000 करोड़ रुपये तक की सहायता देगी। इसके लिए संबंधित राज्य सरकार को कम से कम 500 करोड़ रुपये का योगदान देना होगा। प्रत्येक पार्क के लिए कम से कम 2,000 एकड़ (करीब 8 वर्ग किलोमीटर) भूमि उपलब्ध करानी होगी।

सरकार का कहना है कि इन पार्कों से रसायन उद्योग को एक ही स्थान पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। इससे उत्पादन लागत कम होगी, उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी और भारत का रसायन क्षेत्र वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा।

इन पार्कों में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी), खतरनाक अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा, जल आपूर्ति, सॉल्वेंट रिकवरी, भाप वितरण नेटवर्क, पाइपलाइन नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग जैसी साझा सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

सरकार के अनुसार, इस योजना से घरेलू और विदेशी निवेश आकर्षित होगा, आयात पर निर्भरता घटेगी, निर्यात बढ़ेगा और रसायन उद्योग में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र का उपयोग कृषि, दवा, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और निर्माण जैसे कई प्रमुख उद्योगों में होता है, इसलिए इसका लाभ अन्य क्षेत्रों को भी मिलेगा।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर