पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत वृद्धि, सेवाओं और निर्यात ने संभाली अर्थव्यवस्था
नई दिल्ली, 11 सितंबर। वाय के न्यूज़।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत के प्रदर्शन को उम्मीद से बेहतर बताया है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही है।
सेवाओं और निर्यात में बढ़ोतरी से मिली मजबूती
आईएमएफ के संचार विभाग की निदेशक जूली कोजैक ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि सेवाओं और निर्यात में बढ़ोतरी ने इस वृद्धि को मजबूती दी है।
उन्होंने कहा कि भारत की यह आर्थिक वृद्धि ऐसे समय में हुई है, जब ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा है।
नए जीडीपी आंकड़ों से आर्थिक तस्वीर होगी और स्पष्ट
जूली कोजैक के मुताबिक भारत के नए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) आंकड़ों में औद्योगिक उत्पादन और उत्पादक कीमतों से जुड़े नए आंकड़ों को भी शामिल किया गया है। इससे भारत की जीडीपी की तस्वीर को और बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी।
बढ़ती तेल कीमतों पर आईएमएफ की नजर
आईएमएफ ने कहा है कि वह बढ़ती तेल कीमतों के भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर नजर रख रहा है। कोजैक ने कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से तेल आयात करने वाले सभी देशों पर आर्थिक दबाव बढ़ता है।
