टाउन हॉल की छायाचित्र प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, एआई से दिखा विरासत और पर्यटन का नया अनुभव

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

स्वतंत्रता संग्राम, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा और छत्तीसगढ़ के विकास की तस्वीरें बनीं आकर्षण का केंद्र

रायपुर, 17 अगस्त। वाय के न्यूज। राजधानी के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी नागरिकों और विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के संघर्ष और बलिदान, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा तथा राज्य की विकास और सुशासन यात्रा को तस्वीरों और ऐतिहासिक सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी में एआई तकनीक से विरासत और पर्यटन का अनुभव विशेष आकर्षण बना हुआ है। आगंतुक छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। आधुनिक तकनीक के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को प्रस्तुत करने की इस पहल में बच्चों और युवाओं की विशेष रुचि देखी जा रही है।

क्विज में परख रहे छत्तीसगढ़ का ज्ञान

प्रदर्शनी परिसर में छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और महत्वपूर्ण स्थलों से जुड़े क्विज का आयोजन भी किया जा रहा है। विद्यार्थी और आम नागरिक इसमें भाग लेकर अपने ज्ञान को परख रहे हैं। मनोरंजन के साथ जानकारी देने वाली इस गतिविधि को लेकर युवाओं में उत्साह दिखाई दे रहा है।

तस्वीरों में दिखा स्वतंत्रता संग्राम

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े दुर्लभ छायाचित्र, ऐतिहासिक दस्तावेज और महत्वपूर्ण प्रसंग प्रदर्शित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियों, जननायकों और बलिदानियों के योगदान के साथ महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास तथा प्रदेश में हुए सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों से जुड़े प्रसंग भी यहां देखने को मिल रहे हैं।

विद्यार्थियों ने बताया कि किताबों में पढ़े स्वतंत्रता संग्राम के प्रसंगों को वास्तविक छायाचित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से देखना अलग और प्रेरणादायी अनुभव है। इससे उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को समझने का अवसर मिला।

‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा

प्रदर्शनी में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पर केंद्रित एक विशेष खंड भी बनाया गया है। इसमें इसकी रचना से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रजागरण के स्वर के रूप में इसकी भूमिका को ऐतिहासिक संदर्भों और छायाचित्रों के जरिए प्रस्तुत किया गया है।

इस खंड के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन में ‘वंदे मातरम्’ की भूमिका और राष्ट्रभावना के निर्माण में इसके प्रभाव से परिचित कराया जा रहा है।

स्वतंत्रता संग्राम से विकास यात्रा तक

प्रदर्शनी में अतीत की गौरवगाथा के साथ छत्तीसगढ़ की वर्तमान विकास यात्रा को भी स्थान दिया गया है। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी पहलों की जानकारी तस्वीरों और सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से दी गई है।

महिलाओं, किसानों, युवाओं, श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी योजनाओं के साथ सड़क और रेल संपर्क, औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश और रोजगार के अवसरों से संबंधित विकास कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया है।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बताया उपयोगी आयोजन

प्रदर्शनी देखने पहुंचे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और उनके योगदान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। शिक्षकों के अनुसार ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में इतिहास के प्रति रुचि, देशभक्ति और अपनी विरासत के प्रति गौरव की भावना विकसित करने में उपयोगी हैं।

वृत्तचित्र से दिखाई जा रही विकास यात्रा

प्रदर्शनी परिसर में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से आगंतुकों को राज्य में हुए विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दृश्य माध्यम से मिल रही है।

21 अगस्त तक खुली रहेगी प्रदर्शनी

टाउन हॉल में आयोजित यह सात दिवसीय प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा, छत्तीसगढ़ के वीर सेनानियों का योगदान, राज्य की विकास यात्रा, एआई आधारित पर्यटन एवं विरासत अनुभव और छत्तीसगढ़ से जुड़ा क्विज एक ही मंच पर प्रस्तुत किया गया है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर