रायपुर/नई दिल्ली, 05 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। कोयला मंत्रालय ने वाणिज्यिक कोयला खदानों की 15वें दौर की नीलामी तथा 13वें दौर के दूसरे प्रयास के तहत छह कोयला ब्लॉकों की सफल नीलामी पूरी कर ली है। इस नीलामी में झारखंड के तारा (संशोधित) कोयला ब्लॉक का आवंटन सीजी सिन-गैस एंड केमिकल्स लिमिटेड को हुआ। कंपनी ने 37.50 प्रतिशत की अंतिम राजस्व हिस्सेदारी (रेवेन्यू शेयर) की बोली लगाई, जो इस दौर में सबसे अधिक रही।
मंत्रालय के अनुसार, नीलामी की प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 को शुरू की गई थी। 3 और 4 अगस्त को आयोजित अग्रिम नीलामी में छह कोयला ब्लॉकों का आवंटन किया गया। इनमें चार पूर्ण रूप से अन्वेषित तथा दो आंशिक रूप से अन्वेषित ब्लॉक हैं। इनका संयुक्त भूवैज्ञानिक भंडार 1,503.93 मिलियन टन तथा कुल अधिकतम उत्पादन क्षमता 11.62 मिलियन टन प्रतिवर्ष है।
तारा (संशोधित) ब्लॉक झारखंड के नॉर्थ करनपुरा कोलफील्ड में लातेहार और चतरा जिलों में स्थित है। इसका भूवैज्ञानिक भंडार 293.91 मिलियन टन तथा अधिकतम उत्पादन क्षमता 6 मिलियन टन प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है।
कोयला मंत्रालय के अनुसार, इन छह कोयला ब्लॉकों से प्रतिवर्ष लगभग 1,983.67 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने, 1,743 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश आकर्षित होने तथा लगभग 15,710 रोजगार सृजित होने की संभावना है।
मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2020 में वाणिज्यिक कोयला खनन शुरू होने के बाद अब तक 147 कोयला ब्लॉकों की सफल नीलामी की जा चुकी है। इनकी कुल उत्पादन क्षमता 377.974 मिलियन टन प्रतिवर्ष है। परिचालन शुरू होने के बाद ये ब्लॉक घरेलू कोयला उत्पादन बढ़ाने और कोयला क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
बॉक्स : तारा (संशोधित) कोयला ब्लॉक
- स्थान: नॉर्थ करनपुरा कोलफील्ड, लातेहार एवं चतरा (झारखंड)
- भूवैज्ञानिक भंडार: 293.91 मिलियन टन
- उत्पादन क्षमता (PRC): 6 मिलियन टन प्रतिवर्ष
- सफल बोलीदाता: सीजी सिन-गैस एंड केमिकल्स लिमिटेड
- अंतिम बोली: 37.50 प्रतिशत
- विशेष तथ्य: मूल तारा ब्लॉक की सीमा में संशोधन के बाद इसे “तारा (संशोधित)” नाम से वाणिज्यिक नीलामी के लिए प्रस्तुत किया गया। ब्लॉक के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से पर लेमरू हाथी अभयारण्य के बफर क्षेत्र का प्रभाव होने के कारण इसकी सीमा संशोधित की गई थी।
