रायपुर, 4 सितंबर, वाय के न्यूज। राजधानी के टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महोत्सव में शामिल हुए और भगवान श्रीकृष्ण तथा राधारानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं शंख अभिषेक किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच मुख्यमंत्री ने भी ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र का घोष किया। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा परिसर कृष्णमय नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण का मार्ग दिखाता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी जीवन की चुनौतियों के बीच कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव नहीं, बल्कि उनके जीवन-दर्शन और आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर भी है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने भोरमदेव, गंधेश्वर महादेव, मधेश्वर महादेव, कुलेश्वर महादेव, मां बमलेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया और मां दंतेश्वरी सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर क्षेत्र को प्रसाद योजना के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इससे धार्मिक पर्यटन बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।
50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कारणों से कोई श्रद्धालु तीर्थ दर्शन से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वृद्धजनों को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है।
साय ने कहा कि धार्मिक पर्यटन केवल आस्था से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं बढ़ने से स्थानीय युवाओं, छोटे कारोबारियों, कारीगरों और स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
5 सितंबर तक चलेगा महोत्सव
इस्कॉन रायपुर के 26वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर 3 से 5 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, इस्कॉन रायपुर के पदाधिकारी, संतजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
