शीतकालीन सत्र में विधेयक पारित होने का मुख्यमंत्री ने जताया विश्वास
रायपुर, 24 जुलाई (वाय के न्यूज )। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यूसीसी के लिए गठित समिति की पहली बैठक शुक्रवार को होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में यूसीसी विधेयक पारित हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश डॉ. रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति यूसीसी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेगी। समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार आगे की प्रक्रिया तय करेगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने और इससे जुड़े कानूनी एवं सामाजिक पहलुओं का अध्ययन करने के लिए डॉ. रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। समिति विभिन्न वर्गों और हितधारकों से सुझाव लेकर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। इसके आधार पर यूसीसी विधेयक तैयार कर विधानसभा में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
