रायपुर की बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत
89 करोड़ की परियोजना से बढ़ेगी बिजली आपूर्ति क्षमता
रायपुर, 24 जुलाई, 2026 (वाय के न्यूज)। राजधानी रायपुर की बिजली व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने दलदल सिवनी से रायता तक 220 केवी मल्टी सर्किट लाइन को मुंबई-हावड़ा के व्यस्त रेलवे ट्रैक के ऊपर से हॉट-लाइन तकनीक के जरिए सफलतापूर्वक खींच दिया। इस दौरान रेलवे यातायात को एक पल के लिए भी बाधित नहीं करना पड़ा।
यह कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि करीब 60 मीटर ऊंचे दो टावरों के बीच देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल मुंबई-हावड़ा रेल लाइन गुजरती है, जहां औसतन हर 10 मिनट में एक ट्रेन गुजरती है। निर्माण स्थल के पास करीब 12 फीट गहरा नाला भी था, जिससे काम और कठिन हो गया।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि दलदल सिवनी में बन रहे 220/132 केवी सब-स्टेशन और नई ट्रांसमिशन लाइन पर करीब 89 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना पूरी होने पर रायता के 400 केवी सब-स्टेशन से दलदल सिवनी तक सीधे बिजली पहुंच सकेगी। इससे रायपुर को बिजली देने वाली 220 केवी की सर्किट लाइनें चार से बढ़कर छह हो जाएंगी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत होगी।
करीब 200 मीटर लंबे और भारी कंडक्टर को रेलवे ट्रैक के ऊपर स्थापित करने के लिए पहले पायलट रोप तैयार किया गया। दोनों सिरों पर पांच-पांच टन क्षमता की विंचिंग मशीनें लगाई गईं। लगभग 90 डिग्री के कोण पर छह कंडक्टर खींचने का काम तीन दिनों में पूरा किया गया।
परियोजना के दौरान रेलवे अधिकारियों ने भी सुरक्षा और समन्वय सुनिश्चित किया। ट्रैक पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई ताकि रेल परिचालन प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने इस तकनीकी उपलब्धि पर ट्रांसमिशन कंपनी के अभियंताओं और पूरी टीम को बधाई दी।
